तय दुकान से यूनिफॉर्म खरीदने का दबाव पड़ा भारी, प्रशासन ने दुकान को किया सील
बिलासपुर में निजी स्कूलों की मनमानी पर प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। व्यापार विहार स्थित सेंट जेवियर्स स्कूल के खिलाफ अभिभावकों ने शिकायत की थी कि छात्रों के परिजनों पर एक तय दुकान से ही यूनिफॉर्म खरीदने का दबाव बनाया जा रहा है। मामले की जानकारी कलेक्टर तक पहुंचने के बाद जिला शिक्षा विभाग और प्रशासन की टीम ने जांच की।
जांच के दौरान शिकायत सही पाए जाने पर संबंधित दुकान को सील कर दिया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि शासन के निर्देशों के अनुसार कोई भी स्कूल अभिभावकों को किसी विशेष दुकान से यूनिफॉर्म, किताबें या अन्य सामग्री खरीदने के लिए बाध्य नहीं कर सकता।
अधिकारियों ने कहा कि यदि भविष्य में भी इस तरह की शिकायतें मिलती हैं तो संबंधित स्कूलों और दुकानों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद अभिभावकों में राहत देखी जा रही है।













