Home / छत्तीसगढ़ / मुंगेली पुलिस की बड़ी पहल: 2 थानों में शुरू हुआ ‘ई-मालखाना मैनेजमेंट सिस्टम’, बारकोड से होगी जब्त सामान की डिजिटल ट्रैकिंग

मुंगेली पुलिस की बड़ी पहल: 2 थानों में शुरू हुआ ‘ई-मालखाना मैनेजमेंट सिस्टम’, बारकोड से होगी जब्त सामान की डिजिटल ट्रैकिंग

मुंगेली। मुंगेली पुलिस ने थानों में जब्त की गई सामग्री के रिकॉर्ड और रख-रखाव को बेहतर बनाने के लिए ई-मालखाना मैनेजमेंट सिस्टम की शुरुआत की है। 27 अगस्त को बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग ने जिले के जरहागांव और फास्टरपुर थाने में इस सिस्टम का शुभारंभ किया

बिलासपुर संभाग में पहली बार मुंगेली जिले के दो थानों में ई-मालखाना सिस्टम लागू किया गया है। इस व्यवस्था के तहत अपराध, मर्ग और अन्य मामलों में जब्त की जाने वाली सामग्री का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा।

ई-मालखाना सिस्टम में जब्त सामग्री को एक यूनिक बारकोड दिया जाएगा। बारकोड के जरिए संबंधित केस प्रॉपर्टी की पहचान और उसकी जानकारी को डिजिटल सिस्टम में आसानी से खोजा जा सकेगा। इससे किसी मामले में जब्त सामान की जानकारी जरूरत पड़ने पर कम समय में उपलब्ध हो सकेगी।

इस सिस्टम के तहत नकदी, वाहन, हथियार, एनडीपीएस और आबकारी एक्ट से संबंधित सामग्री सहित अन्य केस प्रॉपर्टी का रिकॉर्ड डिजिटल रूप से रखा जाएगा। इससे मालखाने में रखे सामान की निगरानी और रिकॉर्ड प्रबंधन अधिक व्यवस्थित होने की उम्मीद है।

पुलिस के मुताबिक, ई-मालखाना सिस्टम से रिकॉर्ड के रख-रखाव में होने वाली दिक्कतें कम होंगी और केस प्रॉपर्टी के प्रबंधन में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ेगी। मुंगेली पुलिस आने वाले समय में अन्य थानों में भी पुलिसिंग को तकनीक से जोड़ने की दिशा में काम जारी रखने की बात कही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *