VSK ऐप से उपस्थिति का शिक्षक संघ ने किया विरोध, नेटवर्क समस्या बताकर व्यवस्था वापस लेने की मांग
रायपुर। छत्तीसगढ़ में वीएसके (VSK) ऐप के माध्यम से शिक्षकों की ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करने की व्यवस्था का विरोध तेज हो गया है। शिक्षक संगठनों ने सरकार के इस फैसले पर आपत्ति जताते हुए कहा कि प्रदेश के कई ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में इंटरनेट नेटवर्क की समस्या के कारण समय पर उपस्थिति दर्ज कराना संभव नहीं हो पा रहा है।
शिक्षकों का कहना है कि नेटवर्क बाधित होने पर उनकी उपस्थिति प्रभावित होती है, जिससे वेतन और सेवा रिकॉर्ड पर भी असर पड़ सकता है। उन्होंने सरकार से ऐप आधारित अनिवार्य उपस्थिति व्यवस्था को वापस लेने तथा व्यावहारिक समाधान लागू करने की मांग की है।
शिक्षक संघ ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। वहीं, शिक्षा विभाग पहले ही स्पष्ट कर चुका है कि वीएसके ऐप के माध्यम से दर्ज उपस्थिति के आधार पर ही शिक्षकों का वेतन जारी किया जाएगा।













