
बिलासपुर: ट्रेनों के पेंट्रीकार में मिली बड़ी लापरवाही, 35 कर्मचारियों पर कार्रवाई, 24,855 रुपये जुर्मानाबिलासपुर। त्योहारी सीजन में ट्रेनों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए बिलासपुर रेल मंडल के वाणिज्य विभाग ने खानपान व्यवस्था को लेकर सख्ती शुरू कर दी है। बुधवार को जोनल स्टेशन से गुजरने वाली 15 से अधिक ट्रेनों के पेंट्रीकार में औचक निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान कर्मचारियों की ड्रेस, स्वच्छता और जरूरी दस्तावेजों में कई गंभीर कमियां सामने आईं। दस्ताने-टोपी के बिना काम करते मिले कर्मचारीनिरीक्षण के दौरान कई पेंट्रीकार कर्मचारियों ने यूनिफार्म नहीं पहन रखी थी। इसके अलावा कर्मचारी बिना दस्ताने और टोपी के खाद्य सामग्री से जुड़े काम करते मिले। जांच टीम ने कर्मचारियों के जरूरी दस्तावेज भी जांचे, जिसमें मेडिकल सर्टिफिकेट और पुलिस वेरिफिकेशन जैसी कमियां सामने आईं। 35 कर्मचारियों पर दर्ज किए केसजांच में नियमों का पालन नहीं करने वाले 35 कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। रेलवे ने इनके खिलाफ बिना टिकट का अपराध दर्ज कर जुर्माना वसूल किया। कुल 24,855 रुपये का जुर्माना वसूला गया। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि कार्रवाई का उद्देश्य कर्मचारियों को नियमों का पालन करने के लिए मजबूर करना और यात्रियों को सुरक्षित व स्वच्छ भोजन उपलब्ध कराना है। पेंट्रीकार की सफाई भी जांची गईवाणिज्य विभाग की टीम ने केवल कर्मचारियों के दस्तावेज ही नहीं देखे, बल्कि पेंट्रीकार की सफाई व्यवस्था और खानपान की स्थिति का भी जायजा लिया। कर्मचारियों से कमियों को लेकर पूछताछ की गई, लेकिन वे संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। इसके बाद 35 मामलों में सीधे जुर्माने की कार्रवाई की गई। इन नियमों का पालन करना होगारेलवे ने पेंट्रीकार संचालकों और कर्मचारियों को कई जरूरी निर्देश दिए हैं। इनमें पेंट्रीकार के गलियारे को सामान से खाली रखना, एक्सपायरी सामान नहीं रखना, गैस सिलिंडर का उपयोग नहीं करना और कर्मचारियों का यूनिफार्म, टोपी व दस्ताने पहनना अनिवार्य किया गया है। इसके अलावा सभी खाद्य और अन्य सामान पर प्रिंटेड रेट होना जरूरी है। पूरे त्योहारी सीजन चलेगी जांचवरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनुराग कुमार सिंह के निर्देश पर शुरू की गई यह जांच पूरे त्योहारी सीजन तक जारी रहेगी। रेलवे की टीमें अलग-अलग ट्रेनों के पेंट्रीकार का निरीक्षण करेंगी। इस दौरान सफाई व्यवस्था के साथ भोजन की गुणवत्ता और कर्मचारियों द्वारा नियमों के पालन की भी जांच की जाएगी। रेलवे ने साफ संकेत दिया है कि कमियां दोबारा मिलने पर और सख्त कार्रवाई की जा सकती है। स्रोत: नईदुनिया, बिलासपुर रिपोर्ट।











