नक्सल मुक्त जिलों में भवनविहीन आंगनबाड़ी केंद्रों को मिलेंगे पक्के भवन
रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने नक्सल प्रभावित और अब नक्सल मुक्त घोषित जिलों में संचालित भवनविहीन आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए पक्के भवन निर्माण की प्रक्रिया तेज कर दी है। बस्तर संभाग के दूरस्थ इलाकों में अभी भी कई आंगनबाड़ी केंद्र बिना भवन के संचालित हो रहे हैं, जिन्हें अब स्थायी ढांचा उपलब्ध कराया जाएगा।
महिला एवं बाल विकास विभाग के अनुसार, बस्तर संभाग में ऐसे 506 आंगनबाड़ी केंद्र चिन्हित किए गए हैं, जहां अब तक भवन नहीं बन पाए हैं। सरकार ने संबंधित जिलों को जल्द प्रस्ताव तैयार कर निर्माण कार्य शुरू करने के निर्देश दिए हैं।
इन आंगनबाड़ी भवनों का निर्माण ‘BaLA’ यानी बिल्डिंग एज अ लर्निंग एड कॉन्सेप्ट पर किया जाएगा। इसके तहत भवनों को बच्चों के लिए शिक्षण और गतिविधि आधारित वातावरण के अनुरूप विकसित किया जाएगा। इससे बच्चों को प्रारंभिक शिक्षा, पोषण और स्वास्थ्य सुविधाएं बेहतर तरीके से मिल सकेंगी।
सरकार का मानना है कि स्थायी भवन बनने से दूरस्थ ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों में आंगनबाड़ी सेवाएं मजबूत होंगी और बच्चों व महिलाओं को बेहतर सुविधाएं मिल पाएंगी।













