यूरिया की कालाबाजारी और मजदूरों की कमी से किसान परेशान, खरीफ तैयारी पर संकट
कवर्धा। जिले के पंडरिया विकासखंड में खरीफ सीजन की तैयारियों के बीच किसानों को यूरिया खाद की कमी और मजदूरों के अभाव जैसी गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। सहकारी समितियों में पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध नहीं होने से किसानों को निजी दुकानों से महंगे दाम पर यूरिया खरीदने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। किसानों ने कालाबाजारी की शिकायत करते हुए प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है।
किसानों का कहना है कि समय पर खाद नहीं मिलने से बोआई और फसल प्रबंधन प्रभावित हो सकता है। दूसरी ओर खेती-किसानी के कार्यों के लिए मजदूरों की कमी भी बड़ी चुनौती बन गई है। मजदूरों की उपलब्धता कम होने से उनकी मजदूरी दरों में वृद्धि हुई है, जिससे खेती की लागत बढ़ रही है।
क्षेत्र के किसानों ने प्रशासन से पर्याप्त मात्रा में यूरिया उपलब्ध कराने, कालाबाजारी पर रोक लगाने और कृषि कार्यों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि खरीफ सीजन की तैयारियां प्रभावित न हों और किसानों को आर्थिक नुकसान से बचाया जा सके।












