नारायणपुर में बाढ़ से BSF कैंप जलमग्न, जवानों को एयरलिफ्ट कर सुरक्षित निकाला गया
रायपुर/नारायणपुर। छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। अबूझमाड़ क्षेत्र के सीताराम और बालेबेड़ा स्थित BSF कैंपों में देर रात अचानक बाढ़ का पानी घुस गया, जिससे कई जवान कैंप के भीतर फंस गए। जान बचाने के लिए जवानों को रातभर छतों और पेड़ों पर शरण लेनी पड़ी।
सुबह मौसम में कुछ सुधार होने के बाद भारतीय वायुसेना के हेलीकॉप्टर की मदद से सभी फंसे जवानों का सुरक्षित रेस्क्यू किया गया। हालांकि कैंप में रखा हथियार, उपकरण और अन्य सामान अब भी बाढ़ के पानी में डूबा हुआ है।
लगातार बारिश के चलते नारायणपुर सहित प्रदेश के कई जिलों में जनजीवन प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक की संभावना जताई है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।













