
*उद्योग मंत्री श्री लखनलाल देवांगन व महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने किया पार्षद कक्ष का लोकार्पण*
कोरबा, 01 जून 2026। नगर पालिक निगम कोरबा के मुख्य प्रशासनिक भवन साकेत में पार्षदों के लिए नवस्थापित पार्षद कक्ष का लोकार्पण प्रदेश के उद्योग, वाणिज्य, श्रम, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री श्री लखनलाल देवांगन तथा महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने किया। इस नई व्यवस्था से अब पार्षदों को बैठने तथा अपने कार्यालयीन कार्यों के संचालन में सुविधा मिलेगी।
लोकार्पण कार्यक्रम में निगम के सभापति श्री नूतन सिंह ठाकुर, आयुक्त श्री आशुतोष पाण्डेय, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री गोपाल मोदी सहित निगम के पार्षद, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
नगर निगम प्रशासन द्वारा साकेत भवन में शासकीय हितग्राही पेंशन योजना विभाग के समीप एक बड़े और सुविधायुक्त कक्ष का निर्माण कराया गया है। इस कक्ष को विशेष रूप से पार्षदों के बैठने, नागरिकों से मुलाकात करने और कार्यालयीन कार्यों के निष्पादन के लिए विकसित किया गया है।
कार्यक्रम के दौरान उद्योग मंत्री श्री लखनलाल देवांगन और महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने फीता काटकर पार्षद कक्ष का लोकार्पण किया तथा सभी पार्षदों को शुभकामनाएं दीं। निगम प्रशासन का मानना है कि इस नई सुविधा से जनप्रतिनिधियों के कार्यों में सुगमता आएगी और नागरिकों की समस्याओं के निराकरण में भी तेजी आएगी।













