रायपुर में कांग्रेस का 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर 21 जून से, राहुल गांधी और खड़गे करेंगे कार्यकर्ताओं में मिशन-2028 का जोश
रायपुर। कांग्रेस आगामी चुनावों की तैयारी को धार देने के लिए राजधानी रायपुर में 21 से 30 जून तक 10 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित करेगी। इस शिविर में कांग्रेस नेता राहुल गांधी और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।
शिविर का उद्देश्य संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना, कार्यकर्ताओं को वैचारिक और संगठनात्मक प्रशिक्षण देना तथा मिशन-2028 के लिए तैयार करना है। प्रशिक्षण के दौरान संगठन विस्तार, जनसंपर्क, चुनावी रणनीति और पार्टी की नीतियों पर विस्तृत सत्र आयोजित किए जाएंगे।
प्रदेशभर से बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता इस शिविर में भाग लेंगे। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए संगठन को अधिक सक्रिय और प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।












