रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य में अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी घुसपैठियों और रोहिंग्याओं के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस और प्रशासन की ओर से ऐसे लोगों की पहचान कर उन्हें “क्विट इंडिया” नोटिस जारी किए जा रहे हैं। मामले की निगरानी के लिए स्पेशल टास्क फोर्स (STF) भी सक्रिय हो गई है।
जानकारी के अनुसार, राज्य सरकार ने सभी जिलों को अवैध घुसपैठियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस रिकॉर्ड, दस्तावेजों और निवास संबंधी जानकारियों की जांच की जा रही है। जिन लोगों के दस्तावेज संदिग्ध पाए जा रहे हैं, उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक, इस मुद्दे को लेकर जल्द ही STF की समीक्षा बैठक भी आयोजित होगी, जिसमें अब तक हुई कार्रवाई और आगे की रणनीति पर चर्चा की जाएगी। सरकार का कहना है कि राज्य की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अवैध घुसपैठ के मामलों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।













