दुर्ग निगम कार्यालय में हंगामा, हिंदू देवी-देवताओं पर टिप्पणी का आरोप
छत्तीसगढ़ के दुर्ग नगर निगम कार्यालय में शुक्रवार को उस समय हंगामा मच गया, जब एक प्लेसमेंट कर्मचारी पर हिंदू देवी-देवताओं के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने का आरोप लगा। घटना की जानकारी मिलते ही विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के कार्यकर्ता निगम कार्यालय पहुंच गए और जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
विरोध के दौरान कार्यकर्ताओं ने आरोपी कर्मचारी के साथ मारपीट भी की, जिससे कार्यालय परिसर में तनाव की स्थिति बन गई। मौके पर मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
बताया जा रहा है कि आरोपी कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर विहिप कार्यकर्ताओं ने निगम प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। पुलिस मामले की जांच कर रही है और संबंधित पक्षों से पूछताछ की जा रही है।













