
दुर्ग में भारी बारिश और बाढ़ के बाद 20 ट्रांसफार्मरों की बिजली सप्लाई बंद, कई ग्रामीण इलाकों में अंधेरादुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में पिछले दो दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश के बाद कई निचले और नदी किनारे के इलाकों में बाढ़ का पानी भर गया है। जलभराव के कारण विद्युत हादसों की आशंका को देखते हुए बिजली विभाग ने एहतियाती कदम उठाते हुए करीब 20 ट्रांसफार्मरों की बिजली आपूर्ति बंद कर दी है। बिजली विभाग के अनुसार अमलेश्वर और रानीतराई वितरण केंद्र के अंतर्गत आने वाले ट्रांसफार्मरों को सुरक्षा कारणों से बंद किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि जलस्तर बढ़ने की स्थिति में अन्य ट्रांसफार्मरों की सप्लाई भी बंद की जा सकती है।कई गांवों में बिजली आपूर्ति प्रभावितलगातार बारिश और जलभराव के कारण अमलेश्वर वितरण केंद्र के जमराव गांव में तीन ट्रांसफार्मर और अमलेश्वर में एक ट्रांसफार्मर बंद किया गया है। वहीं रानीतराई वितरण केंद्र के अंतर्गत केसरा सब स्टेशन से निकलने वाले 11 केवी केसरा फीडर को प्रशासन के निर्देश पर बंद किया गया है।फीडर बंद होने के कारण केसरा और बोरेंदा सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई है। इसके अलावा कोस्टा रिसॉर्ट, डांडेसरा, नगपुरा, गुंडरदेही, गोविंद राइस मिल, मोंगरी, मनहोरा, सांकरी और फुलझर क्षेत्र के ट्रांसफार्मर भी बाढ़ और जलभराव की चपेट में बताए गए हैं। शिवनाथ और खारून नदी के जलस्तर पर नजरदुर्ग जिले से गुजरने वाली शिवनाथ नदी और कुम्हारी के पास खारून नदी के जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। इसे देखते हुए नदी किनारे बसे संवेदनशील गांवों और बस्तियों में बिजली विभाग की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं।अधिकारियों के मुताबिक, जब तक जलस्तर सामान्य नहीं हो जाता और विद्युत उपकरणों की तकनीकी जांच पूरी नहीं हो जाती, तब तक प्रभावित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की जाएगी। बिजली विभाग ने जारी की सुरक्षा एडवाइजरीविद्युत वितरण कंपनी CSPDCL ने लोगों से बारिश और बाढ़ के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। विभाग ने कहा है कि लोग टूटे हुए बिजली के तार, बिजली के खंभे और जलमग्न विद्युत उपकरणों के पास न जाएं। साथ ही अवैध हुकिंग से बचने और मवेशियों की सुरक्षा का भी ध्यान रखने की सलाह दी गई है।किसी भी विद्युत आपात स्थिति की सूचना टोल-फ्री नंबर 1912 या मोर बिजली ऐप के माध्यम से देने की अपील की गई है।












