रायगढ़। तेज रफ्तार ट्रक के चालक लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए सामने जा रही स्कूटी को ठोकर मारते हुए वाहन छोड़ कर फरार हो गया। भारी वाहन की चपेट में आने से दुपहिया सवार ग्रामीण को गंभीर चोट पहुंची, जिससे उसकी घटना स्थल पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को अस्पताल भेजते हुए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। उक्त मामला छाल थाना क्षेत्र का है।
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार छाल क्षेत्र के ग्रामी डोंगाभौना निवासी जगर साय अपनी स्कूटी से ग्राम बोजिया किसी काम से गया था तथा काम निपटाकर वापस अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान देउरमार के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार ट्रक के चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए स्कूटी को ठोकर मार दिया। वहीं इस घटना में जगर साय छिटक कर सडक़ पर गिर गया जिससे उसे गंभीर चोट पहुंची थी।
वहीं घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़ कर फरार हो गया। इधर घटना की जानकारी मिलते ही आस पास के लोग वहां जमा हो गये तथा थाने में तदाशय की सूचना दी। वहीं पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम केे लिए अस्पताल भेजा तथा ट्रक के नंबर के आधार पर चालक की पतासाजी करते हुए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। 













