एक कुएं के सहारे 300 लोगों की जिंदगी, नवापारा गांव में गहराया जल संकट
कोरिया। जिले के नवापारा गांव में भीषण जल संकट ने ग्रामीणों की परेशानी बढ़ा दी है। लगभग 300 की आबादी वाले इस गांव में पेयजल के लिए केवल एक ही कुआं उपलब्ध है, जिसके सहारे पूरे गांव की जरूरतें पूरी की जा रही हैं। गर्मी और लगातार गिरते जलस्तर के कारण स्थिति और गंभीर होती जा रही है।
ग्रामीणों को पानी के लिए घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। कुएं में पानी का स्तर काफी नीचे पहुंच जाने के कारण लोगों को कुएं के अंदर उतरकर पानी भरना पड़ रहा है। महिलाओं और बच्चों को भी रोजाना पानी जुटाने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि कई बार संबंधित अधिकारियों को समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हो सका है। गांव में पर्याप्त पेयजल व्यवस्था नहीं होने से लोगों का दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द वैकल्पिक जल स्रोत उपलब्ध कराने और पेयजल संकट दूर करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते व्यवस्था नहीं की गई तो आने वाले दिनों में हालात और भी गंभीर हो सकते हैं।













