परीक्षा के दौरान कॉलेज में लगी आग, शॉर्ट सर्किट से मची अफरा-तफरी, बड़ा हादसा टला
कोंडागांव। जिले के केशकाल स्थित महेश बघेल शासकीय महाविद्यालय में शनिवार सुबह परीक्षा के दौरान अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी। घटना के समय कॉलेज में परीक्षा चल रही थी, जिससे छात्र-छात्राओं और स्टाफ में कुछ देर के लिए हड़कंप मच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग लगने के साथ ही धमाके जैसी आवाजें सुनाई दीं, जिसके बाद कॉलेज प्रशासन ने तत्काल छात्रों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। सूचना मिलते ही दमकल और संबंधित विभाग की टीम मौके पर पहुंची तथा आग पर काबू पाया।
गनीमत रही कि समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिया गया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई और एक बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद कॉलेज परिसर में सुरक्षा व्यवस्था और विद्युत प्रणाली की जांच शुरू कर दी गई है। प्रशासन ने आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच के निर्देश दिए हैं।
कॉलेज प्रबंधन ने बताया कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और आवश्यक सुरक्षा उपाय किए जा रहे हैं। घटना के बाद छात्रों और अभिभावकों में चिंता का माहौल देखा गया।












