शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोप, रायपुर में नायब तहसीलदार के खिलाफ मामला दर्ज
रायपुर में एक नायब तहसीलदार के खिलाफ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का मामला दर्ज किया गया है। गंज थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर सूरजपुर जिले में पदस्थ नायब तहसीलदार दिवाकर भास्कर के विरुद्ध अपराध दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी और पीड़िता की पहचान सोशल मीडिया के माध्यम से हुई थी। दोनों के बीच बातचीत बढ़ने के बाद आरोपी ने विवाह का वादा किया। आरोप है कि इसी भरोसे पर उसने कई बार शारीरिक संबंध बनाए, लेकिन बाद में शादी से इनकार कर दिया।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच की और प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने पर दुष्कर्म की धाराओं के तहत केस दर्ज किया। पुलिस का कहना है कि आरोपी वर्तमान में मेडिकल लीव पर है और उसकी तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं और मामले की विस्तृत जांच जारी है।













