छत्तीसगढ़ में बाल श्रम और तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 20 बच्चों को कराया गया मुक्त
रायपुर। विश्व बाल श्रम निषेध दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की पहल पर प्रदेशभर में बाल श्रम और बाल तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान रायपुर और बिलासपुर समेत विभिन्न जिलों में कार्रवाई करते हुए 20 बच्चों को बाल श्रम और शोषण से मुक्त कराया गया।
अभियान के तहत प्रशासन, पुलिस, श्रम विभाग और बाल संरक्षण इकाइयों की संयुक्त टीमों ने होटल, ढाबों, दुकानों, प्रतिष्ठानों तथा अन्य कार्यस्थलों पर छापेमारी की। जांच के दौरान कई स्थानों पर नाबालिग बच्चों से काम कराए जाने के मामले सामने आए, जिसके बाद उन्हें तत्काल रेस्क्यू कर सुरक्षित संरक्षण में लिया गया।
अधिकारियों ने बताया कि बाल श्रम और बाल तस्करी के खिलाफ प्रदेश में लगातार निगरानी और कार्रवाई जारी रहेगी। संबंधित प्रतिष्ठानों के संचालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। साथ ही मुक्त कराए गए बच्चों के पुनर्वास, शिक्षा और आवश्यक सहायता की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जा रही है।
राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने लोगों से अपील की है कि यदि कहीं भी बाल श्रम या बाल तस्करी की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तत्काल प्रशासन और संबंधित विभागों को दें, ताकि बच्चों के अधिकारों की रक्षा की जा सके।













