Home / छत्तीसगढ़ / सीतामणी से उरगा तक 10 किमी फोरलेन की मांग

सीतामणी से उरगा तक 10 किमी फोरलेन की मांग

 

कोरबा। कोरबा जिले में सड़क कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के लिए वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन जयराम गडकरी को पत्र लिखा है। उन्होंने सरस्वती शिशु मंदिर, सीतामणी से उरगा स्थित भारतमाला परियोजना के सड़क मार्ग तक करीब 10 किलोमीटर लंबी फोरलेन सड़क निर्माण की स्वीकृति देने का आग्रह किया है।

 

मंत्री देवांगन ने पत्र में बताया कि सीतामणी क्षेत्र से उरगा की ओर भारतमाला परियोजना के मार्ग तक वर्तमान में सुगम और व्यवस्थित संपर्क मार्ग उपलब्ध नहीं है। इससे स्थानीय नागरिकों, विद्यार्थियों और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी होती है। यह मार्ग शहर के प्रवेश क्षेत्र में होने के कारण यहां प्रतिदिन वाहनों का दबाव भी रहता है।

 

उन्होंने कहा कि मौजूदा मुख्य मार्ग सिंगललेन होने से भारी वाहनों के साथ छोटे वाहनों को भी इसी मार्ग से गुजरना पड़ता है, जिससे यातायात का दबाव और दुर्घटना का खतरा बढ़ता है। सीतामणी को भारतमाला परियोजना के प्रमुख मार्ग से फोरलेन सड़क के माध्यम से जोड़ने से आवागमन अधिक सुरक्षित और सुगम होगा।

 

मंत्री ने कहा कि प्रस्तावित सड़क निर्माण से क्षेत्र के सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी। जनहित को ध्यान में रखते हुए उन्होंने केंद्रीय मंत्री गडकरी से करीब 10 किलोमीटर फोरलेन सड़क निर्माण की स्वीकृति प्रदान करने का आग्रह किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *