अपराधियों को सजा दिलाने बिलासपुर पुलिस की नई पहल, 200 पुलिसकर्मियों को दिया गया डाइंग डिक्लेरेशन का प्रशिक्षण
बिलासपुर रेंज के आईजी राम गोपाल गर्ग के निर्देशन में अपराधियों को अदालत से सजा दिलाने और पुलिस विवेचना को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से एक विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अभियान के तहत करीब 200 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को ‘डाइंग डिक्लेरेशन’ यानी मरणासन्न कथन की प्रक्रिया का गहन प्रशिक्षण दिया गया।
ऑनलाइन आयोजित इस एक दिवसीय प्रशिक्षण में पुलिसकर्मियों को बताया गया कि गंभीर मामलों में पीड़ित के बयान किस तरह कानूनी रूप से महत्वपूर्ण होते हैं और इन्हें सही तरीके से दर्ज करना कितना जरूरी है। अधिकारियों ने कहा कि कई मामलों में तकनीकी त्रुटियों के कारण आरोपी अदालत में बच निकलते हैं, इसलिए विवेचना को त्रुटिहीन बनाना प्राथमिकता है।
प्रशिक्षण के दौरान पुलिस अधिकारियों को डाइंग डिक्लेरेशन से जुड़े कानूनी प्रावधान, न्यायालयीन प्रक्रियाएं और साक्ष्य के रूप में इसकी अहमियत के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। अधिकारियों का मानना है कि इससे गंभीर अपराधों में दोषियों को सजा दिलाने की दर बढ़ेगी और जांच की गुणवत्ता में सुधार आएगा।













