कांकेर-नारायणपुर सीमा पर IED विस्फोट, इंस्पेक्टर सहित 3 जवान शहीद
छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में नक्सल प्रभावित क्षेत्र से बड़ी खबर सामने आई है। कांकेर-नारायणपुर सीमा पर शनिवार को IED (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) विस्फोट में जिला रिजर्व गार्ड (DRG) के एक इंस्पेक्टर सहित तीन जवान शहीद हो गए, जबकि एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस के अनुसार, DRG की टीम चट्टेबेठिया थाना क्षेत्र में सर्चिंग और डिमाइनिंग ऑपरेशन पर निकली थी। इसी दौरान पहले से लगाए गए IED को निष्क्रिय करने के दौरान अचानक विस्फोट हो गया।
इस हादसे में इंस्पेक्टर सुखराम वट्टी, कांस्टेबल कृष्णा कोमरा और संजय गढ़पाले की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं एक अन्य जवान परमाणंद कोमरा घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, नक्सलियों द्वारा पहले से लगाए गए IED को हटाने के दौरान यह दुर्घटना हुई। हाल के महीनों में सुरक्षा बलों ने ऐसे कई IED बरामद कर निष्क्रिय किए हैं, लेकिन इस ऑपरेशन के दौरान यह घटना हो गई।
घटना के बाद इलाके में सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी गई है और सर्च ऑपरेशन जारी है।













