रायपुर में पेट्रोल-डीजल को लेकर अफरा-तफरी, कई पंपों पर लंबी कतारें
रायपुर समेत छत्तीसगढ़ के कई शहरों में पेट्रोल और डीजल की कमी की अफवाहों के बीच गुरुवार को पेट्रोल पंपों पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। कई जगहों पर लंबी कतारें देखने को मिलीं, जबकि कुछ पंपों का स्टॉक खत्म होने से उन्हें अस्थायी रूप से बंद करना पड़ा।
पेट्रोल पंप संचालकों का कहना है कि वास्तविक सप्लाई पूरी तरह बंद नहीं हुई है, लेकिन अफवाहों के कारण लोग जरूरत से ज्यादा ईंधन भरवा रहे हैं। इससे अचानक मांग बढ़ गई और कुछ स्थानों पर अस्थायी दिक्कतें सामने आईं।
रायपुर के फाफाडीह चौक स्थित एक पेट्रोल पंप के प्रबंधक ने बताया कि डिपो से लगातार संपर्क किया जा रहा है और एडवांस बुकिंग भी की जा रही है, लेकिन कई बार नई सप्लाई आने में दो से तीन दिन का समय लग रहा है।
स्थिति सिर्फ रायपुर तक सीमित नहीं रही। बिलासपुर, जशपुर और कोंडागांव में भी कई पेट्रोल पंपों पर भीड़ बढ़ी। कोंडागांव में कुछ पंपों ने सीमित मात्रा में ही पेट्रोल-डीजल देने का फैसला किया ताकि ज्यादा लोगों तक ईंधन पहुंच सके।
इस बीच केंद्र सरकार और तेल कंपनियों की ओर से लोगों से घबराहट में खरीदारी नहीं करने की अपील की गई है। अधिकारियों का कहना है कि सप्लाई व्यवस्था सामान्य है और जल्द स्थिति नियंत्रित हो जाएगी।













