तेज रफ्तार बनी जानलेवा: पेड़ से टकराई बाइक, कॉलेज छात्र की मौके पर मौत
बिलासपुर। शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात तेज रफ्तार के कारण एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हादसे में कॉलेज छात्र की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान पत्थलगांव निवासी मेहुल सिंह के रूप में हुई है, जो बिलासपुर के सीएमडी कॉलेज में पढ़ाई कर रहा था।
जानकारी के अनुसार, मेहुल सिंह देर रात बाइक से कहीं जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार के कारण उसकी बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई और सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि छात्र ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
इस हादसे के बाद मृतक के परिवार और परिचितों में शोक का माहौल है। वहीं पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और तेज रफ्तार से वाहन नहीं चलाने की अपील की है।












