धमतरी के पास चलती बस में लगी आग, 40 यात्रियों की सूझबूझ से बची जान
धमतरी। ओडिशा से रायपुर आ रही एक यात्री बस में धमतरी जिले के केरेगांव के पास अचानक आग लग गई। आग बस के पिछले टायर से शुरू हुई, लेकिन समय रहते स्थानीय लोगों और पुलिस की तत्परता से बस में सवार करीब 40 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, केरेगांव के एक सैलून संचालक और उनके बेटे ने बस के पिछले हिस्से से आग की लपटें उठती देखीं। उन्होंने बस चालक को रोकने की कोशिश की, लेकिन चालक तक आवाज नहीं पहुंची। इसके बाद उन्होंने पुलिस पेट्रोलिंग टीम के साथ बस का पीछा किया और करीब पांच किलोमीटर आगे खड़ादाह के पास बस को रुकवाया।
बस रुकते ही सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। घटना के दौरान बस में बच्चों समेत करीब 40 यात्री सवार थे। आग पर काबू पाने के बाद बस को दोबारा रवाना किया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बस में पर्याप्त क्षमता वाला अग्निशामक यंत्र नहीं था, जिससे आग बुझाने में दिक्कत आई। इस घटना के बाद बसों में सुरक्षा मानकों को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।













