बिलासपुर केंद्रीय जेल बना ‘नो-फ्लाई जोन’, 500 मीटर दायरे में ड्रोन उड़ाने पर होगी कार्रवाई
बिलासपुर। केंद्रीय जेल की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने केंद्रीय जेल परिसर और उसके आसपास के 500 मीटर क्षेत्र को तत्काल प्रभाव से ‘नो-फ्लाई जोन’ घोषित कर दिया है। इस क्षेत्र में किसी भी प्रकार का ड्रोन या अन्य मानव रहित उड़ान यंत्र उड़ाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यह निर्णय जेल महानिदेशक के निर्देश और सुरक्षा एजेंसियों की अनुशंसा के बाद लिया गया है। प्रशासन का मानना है कि ड्रोन के माध्यम से जेल परिसर की निगरानी, प्रतिबंधित सामग्री की आपूर्ति या सुरक्षा संबंधी अन्य खतरे उत्पन्न हो सकते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नो-फ्लाई जोन के नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस और संबंधित एजेंसियों को क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि जेल की सुरक्षा में किसी प्रकार की चूक न हो।













