शराब ओवररेटिंग पर बड़ी कार्रवाई: चार आबकारी अधिकारी निलंबित, आठ कर्मचारियों को नोटिस
रायपुर। छत्तीसगढ़ में शराब की निर्धारित कीमत से अधिक दर पर बिक्री के मामलों को गंभीरता से लेते हुए आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विभाग ने चार आबकारी उप निरीक्षकों को निलंबित कर दिया है, जबकि आठ अन्य कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
जानकारी के अनुसार, शराब ओवररेटिंग की शिकायतों की जांच के बाद यह कार्रवाई की गई। नोटिस प्राप्त कर्मचारियों को एक सप्ताह के भीतर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार एकपक्षीय कार्रवाई की जाएगी।
निलंबित किए गए अधिकारियों में आबकारी उप निरीक्षक कौशल किशोर सोनी, प्रभाकर सिरमौर, पुरुषोत्तम सिन्हा और मनराखन नेताम शामिल हैं। आबकारी विभाग का कहना है कि शराब बिक्री में अनियमितताओं को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषी पाए जाने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
राज्य सरकार और आबकारी विभाग ने संकेत दिए हैं कि शराब दुकानों में निर्धारित दरों का पालन सुनिश्चित करने के लिए आगे भी जांच और निगरानी अभियान चलाए जाएंगे।













