
वकील के भेष में कोर्ट पहुंचा कार से कुचलकर हत्या का आरोपित, पुलिस रिमांड पर भेजा
रायपुर। टाटीबंध इलाके में प्रेम-प्रसंग के विवाद में कार से कुचलकर हत्या करने के मामले के आरोपित ने बुधवार को रायपुर कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस से बचने के लिए आरोपित वकील के लिबास में कोर्ट पहुंचा था। आत्मसमर्पण के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपित को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस अब उससे घटना को लेकर पूछताछ कर रही है और हत्या में इस्तेमाल कार सहित अन्य साक्ष्यों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
मामला टाटीबंध क्षेत्र में प्रेम-प्रसंग को लेकर हुए विवाद से जुड़ा है। आरोप है कि विवाद के बाद आरोपित ने कार से युवक को कुचल दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद से आरोपित फरार था और पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।
पुलिस के मुताबिक, आरोपित ने गिरफ्तारी से बचने के लिए कोर्ट में वकील का भेष धारण किया था। हालांकि, उसकी पहचान होने के बाद उसने न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। अब पुलिस रिमांड के दौरान घटना की पूरी कड़ी और हत्या के कारणों की जांच करेगी।













