22.50 लाख की ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश, तीन आरोपी गिरफ्तार
रायपुर पुलिस ने स्थानीय कारोबारियों से करीब 22.50 लाख रुपये की ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने खुद को मजदूर बताकर खुदाई के दौरान प्राचीन सोने के आभूषण मिलने की झूठी कहानी गढ़ी और असली सोने के छोटे नमूने दिखाकर व्यापारियों का विश्वास जीता।
इसके बाद आरोपियों ने नकली पीतल और तांबे के हार को प्राचीन सोने का आभूषण बताकर अलग-अलग कारोबारियों को बेच दिया। जब खरीदारों ने आभूषणों की जांच कराई तो वे नकली निकले, जिसके बाद पीड़ितों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपियों का सुराग लगाया और मुंबई से तीन लोगों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में गिरोह द्वारा रायपुर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कई वारदातों को अंजाम देने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। साथ ही आशंका जताई जा रही है कि गिरोह ने अन्य राज्यों में भी इसी तरह की ठगी की घटनाओं को अंजाम दिया है।













