छत्तीसगढ़ के 32 जलाशयों में लगेंगे 2,000 मेगावाट के फ्लोटिंग सोलर प्लांट
रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार राज्य में नवीकरणीय ऊर्जा उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए बड़ा कदम उठाने जा रही है। सरकार ने 32 बड़े बांधों और जलाशयों में करीब 2,000 मेगावाट क्षमता के फ्लोटिंग सोलर प्रोजेक्ट विकसित करने की योजना बनाई है। यह पहल भिलाई के मरौदा जलाशय में स्थापित फ्लोटिंग सोलर परियोजना की सफलता के बाद शुरू की गई है।
योजना के तहत विभिन्न जलाशयों की तकनीकी और व्यावसायिक संभावनाओं का अध्ययन किया जाएगा। इसके बाद चरणबद्ध तरीके से फ्लोटिंग सोलर प्लांट स्थापित किए जाएंगे। इन परियोजनाओं से स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन बढ़ेगा, भूमि की आवश्यकता कम होगी और राज्य की बिजली उत्पादन क्षमता में भी उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
सरकार का मानना है कि फ्लोटिंग सोलर प्रोजेक्ट पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होंगे। इससे हरित ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा और भविष्य की बिजली जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलेगी।













