एनीमिया पीड़ित युवती की मौत पर कार्रवाई, दुर्ग के 9 स्वास्थ्यकर्मियों को थमाया गया नोटिस
दुर्ग। दुर्ग जिला अस्पताल में सिकल सेल एनीमिया से पीड़ित 20 वर्षीय युवती दीपिका गाड़ा की मौत के मामले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग के 9 कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है और उनसे जवाब मांगा गया है।
बताया गया कि भिलाई के मरोदा निवासी दीपिका गाड़ा को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उसका हीमोग्लोबिन स्तर काफी कम था और उसे तत्काल रक्त की आवश्यकता थी। परिजनों ने आरोप लगाया कि समय पर रक्त उपलब्ध नहीं कराया गया, जिससे उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
मामले के तूल पकड़ने के बाद जिला प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में लापरवाही के संकेत मिलने पर डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों सहित कुल 9 कर्मचारियों को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है।
स्वास्थ्य अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट और संबंधित कर्मचारियों के जवाब मिलने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। वहीं युवती की मौत के बाद स्वास्थ्य व्यवस्था और रक्त उपलब्धता को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं।













