रायपुर रिंग रोड पर भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार कार और ट्रक की टक्कर, घंटों लगा रहा जाम
रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र स्थित भाठागांव रिंग रोड पर सोमवार को तेज रफ्तार कार और ट्रक के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई और सड़क पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद दोनों वाहनों को भारी नुकसान पहुंचा। दुर्घटना के कारण रिंग रोड पर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलते ही पुलिस और यातायात अमला मौके पर पहुंचा तथा यातायात व्यवस्था बहाल करने में जुट गया।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात को सुचारु कराया। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना बताई जा रही है। मामले की जांच जारी है।













