प्रेमी के हंगामे से टूटी नई शादी, दूल्हे ने दुल्हन को अपनाने से किया इनकार
छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में शादी के दो दिन बाद उस समय बड़ा विवाद खड़ा हो गया, जब दुल्हन का कथित प्रेमी ससुराल पहुंच गया और खुद को युवती का तीन साल पुराना प्रेमी बताने लगा। घटना के बाद दोनों परिवारों के बीच जमकर विवाद हुआ और मामला पुलिस तक पहुंच गया।
जानकारी के मुताबिक, काठोतिया गांव निवासी नवीन कुमार की शादी 6 मई को कोड़ा गांव की अनीता से हुई थी। विदाई के बाद दुल्हन 7 मई को ससुराल पहुंची थी। इसी दौरान रिसेप्शन की तैयारियां चल रही थीं, तभी मयूर अग्रवाल नाम का युवक वहां पहुंचा और दावा किया कि उसका युवती से लंबे समय से प्रेम संबंध है। युवक ने दोनों के फोटो और वीडियो होने की भी बात कही।
प्रेमी के दावे के बाद घर में तनाव बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई। सूचना मिलने पर मनेंद्रगढ़ सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दूल्हा, दुल्हन तथा युवक को थाने ले जाकर पूछताछ की। देर रात तक समझाइश और काउंसलिंग का दौर चलता रहा।
बताया जा रहा है कि दूल्हे ने दुल्हन को अपने साथ रखने से इनकार कर दिया और अलग होने की इच्छा जताई। विवाद के चलते रिसेप्शन कार्यक्रम भी रद्द कर दिया गया। फिलहाल किसी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस का कहना है कि मामले को आपसी सहमति से सुलझाने की कोशिश की जा रही है।












