यलो अलर्ट बेअसर, रायपुर में सुबह से खिली तेज धूप; मौसम विभाग ने जताई बारिश और अंधड़ की संभावना
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में शनिवार सुबह से तेज धूप खिली रही, जबकि मौसम विभाग ने पहले ही प्रदेश के कई जिलों के लिए बारिश और अंधड़ का यलो अलर्ट जारी किया था। सुबह के समय मौसम साफ रहने से लोगों को गर्मी का एहसास हुआ, हालांकि दोपहर बाद बादल छाने और मौसम बदलने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है। आने वाले दिनों में कई जिलों में 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही गरज-चमक, वज्रपात और बारिश की भी चेतावनी जारी की गई है।
विशेषज्ञों का कहना है कि प्रदेश में सक्रिय मौसम प्रणालियों के प्रभाव से मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। दिन में तेज धूप के बावजूद शाम या रात के समय कई क्षेत्रों में बारिश और अंधड़ की स्थिति बन सकती है। ऐसे में लोगों को मौसम विभाग की चेतावनियों पर नजर रखने और खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग ने किसानों और आम नागरिकों से खराब मौसम की स्थिति में आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।













