जरहाभाठा मिनी बस्ती में गहराया जल संकट, बूंद-बूंद पानी के लिए परेशान लोग
बिलासपुर के जरहाभाठा स्थित मिनी बस्ती में इन दिनों भीषण जल संकट से लोग जूझ रहे हैं। इलाके में पानी की सप्लाई बेहद धीमी होने के कारण लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है। हालात ऐसे हैं कि पतली धार से आने वाले पानी को भरने के लिए लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है।
स्थानीय रहवासियों का कहना है कि कई दिनों से पानी की समस्या बनी हुई है, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं किया गया है। सुबह से ही महिलाएं और बच्चे बर्तन लेकर पानी भरने के लिए लाइन में खड़े नजर आते हैं। कम दबाव के कारण टंकियां और बर्तन भरने में काफी समय लग रहा है।
रहवासियों ने बताया कि गर्मी बढ़ने के साथ परेशानी और बढ़ गई है। पर्याप्त पानी नहीं मिलने से घरेलू कामकाज भी प्रभावित हो रहे हैं। लोगों ने नगर निगम और संबंधित विभाग से जल्द समस्या दूर करने की मांग की है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी केवल आश्वासन दे रहे हैं, जबकि जमीनी स्तर पर स्थिति जस की तस बनी हुई है।













