दुर्ग नगर निगम कार्यालय में गुरुवार को उस समय हंगामा मच गया, जब एक कर्मचारी पर धार्मिक भावनाएं आहत करने का आरोप लगाते हुए बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। आरोप है कि कर्मचारी ने हिंदू देवी-देवताओं को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी, जिसके बाद बड़ी संख्या में कार्यकर्ता निगम कार्यालय पहुंच गए।
विरोध के दौरान निगम कर्मचारी और प्रदर्शनकारियों के बीच विवाद बढ़ गया। इसी बीच एक कर्मचारी के साथ मारपीट की घटना भी सामने आई। घटना के बाद कार्यालय परिसर में तनाव का माहौल बन गया और पुलिस को मौके पर पहुंचकर स्थिति संभालनी पड़ी।
बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने आरोपी कर्मचारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं नगर निगम प्रशासन ने मामले की जांच कराने और दोषी पाए जाने पर उचित कार्रवाई करने की बात कही है। पुलिस ने भी शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।













