अंबिकापुर में वनभूमि पर चला बुलडोजर, 20 से ज्यादा मकान ढहाए गए
छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में संरक्षित वनभूमि पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। भारी पुलिस बल और चार एक्सीवेटर की मौजूदगी में 20 से ज्यादा अवैध मकानों को तोड़ा गया। कार्रवाई के दौरान पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही।
प्रशासन के मुताबिक, संरक्षित वन क्षेत्र में लंबे समय से अवैध कब्जे की शिकायतें मिल रही थीं। जांच के बाद कुल 157 अतिक्रमणकारियों को चिन्हित किया गया है, जिनके खिलाफ चरणबद्ध कार्रवाई की जा रही है।
अधिकारियों ने बताया कि कब्जाधारियों को पहले ही नोटिस जारी कर जमीन खाली करने के निर्देश दिए गए थे। तय समय सीमा पूरी होने के बाद प्रशासन ने बुलडोजर कार्रवाई शुरू की। मौके पर राजस्व, वन और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम मौजूद रही।
मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai की सरकार ने अवैध कब्जों के खिलाफ सख्त रुख अपनाने के संकेत दिए हैं। प्रशासन का कहना है कि संरक्षित वनभूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने का अभियान आगे भी जारी रहेगा।













