शिक्षकों के अटैचमेंट पर सख्ती, चार जिलों के डीईओ को जारी हुआ कारण बताओ नोटिस
छत्तीसगढ़ में शिक्षकों के अटैचमेंट (संलग्नीकरण) पर प्रतिबंध के बावजूद नियमों की अनदेखी करने वाले शिक्षा अधिकारियों पर अब कार्रवाई शुरू हो गई है। राज्य सरकार ने रायपुर, बलौदाबाजार, धमतरी और जांजगीर-चांपा जिलों के जिला शिक्षा अधिकारियों (डीईओ) को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
जानकारी के अनुसार, शासन ने पहले ही शिक्षकों के अटैचमेंट पर रोक लगाने के निर्देश दिए थे, लेकिन इसके बावजूद कई स्थानों पर शिक्षकों को दूसरे संस्थानों और कार्यालयों में संलग्न किए जाने के मामले सामने आए। जांच में नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर संबंधित अधिकारियों से जवाब मांगा गया है।
शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि बिना सक्षम अनुमति के किए गए अटैचमेंट शासन के आदेशों के विपरीत हैं। नोटिस मिलने के बाद संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा में अपना पक्ष प्रस्तुत करना होगा। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर विभागीय कार्रवाई की जा सकती है।
सरकार की इस कार्रवाई को शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और प्रशासनिक अनुशासन बनाए रखने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।













