भीषण गर्मी का असर: कोरबा में पेड़ों से गिरकर मर रहे चमगादड़, वन्यजीवों पर संकट
छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के पाली क्षेत्र में भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान का असर अब वन्यजीवों पर भी दिखाई देने लगा है। इलाके में पेड़ों पर रहने वाले चमगादड़ गर्मी से बेहाल होकर जमीन पर गिर रहे हैं, जिनमें कई की मौत हो चुकी है। स्थानीय लोगों ने बड़ी संख्या में चमगादड़ों को पेड़ों के नीचे मृत अवस्था में देखा, जिससे चिंता का माहौल है।
बताया जा रहा है कि क्षेत्र में तापमान लगातार 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। तेज धूप और लू के कारण चमगादड़ अपने शरीर का तापमान नियंत्रित नहीं कर पा रहे हैं। विशेषज्ञों के अनुसार अत्यधिक गर्मी और पानी की कमी के चलते ऐसे हालात बन रहे हैं, जिसका सीधा असर पक्षियों और वन्यजीवों पर पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन और वन विभाग से वन्यजीवों के लिए पानी की व्यवस्था करने की मांग की है। वहीं पर्यावरण प्रेमियों ने लोगों से अपील की है कि वे अपने घरों और आसपास के क्षेत्रों में पक्षियों और अन्य जीवों के लिए पानी रखें ताकि भीषण गर्मी में उन्हें राहत मिल सके।
विशेषज्ञों का कहना है कि लगातार बढ़ती हीटवेव केवल इंसानों ही नहीं, बल्कि जीव-जंतुओं के लिए भी बड़ा खतरा बनती जा रही है।













