रायपुर में उस समय सनसनी फैल गई जब एक मकान से बम बनाने में इस्तेमाल होने वाली संदिग्ध सामग्री बरामद हुई। सूचना मिलते ही पुलिस और बम स्क्वॉड की टीम मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को सील कर जांच शुरू कर दी। मामला रावाभाठा क्षेत्र का बताया जा रहा है।
पुलिस को मकान से तार समेत कई संदिग्ध सामान मिले हैं। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि इनका इस्तेमाल विस्फोटक तैयार करने में किया जा सकता था। सुरक्षा के मद्देनजर आसपास के इलाके को खाली कराया गया और लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई।
बम स्क्वॉड की टीम ने मौके पर पहुंचकर सामग्री की जांच की और सैंपल जब्त किए। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि सामग्री कहां से लाई गई और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं। फिलहाल इलाके में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।













