
जन्माष्टमी की रात प्लैटिनम बार में चल रहा था शराब का खेल, कांग्रेस नेता गिरफ्तार
रायपुर। कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर पूरे छत्तीसगढ़ में ड्राई डे था, लेकिन राजधानी रायपुर के प्लैटिनम बार में कथित तौर पर शराब की बिक्री जारी थी। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बार संचालक और कांग्रेस नेता को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, रात करीब 10:30 बजे प्लैटिनम बार में शराब बेचे जाने की जानकारी मिली थी। इसके बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने करीब 1,150 रुपये कीमत की शराब बरामद की। इसके अलावा शराब बिक्री से प्राप्त 2,300 रुपये नकद भी जब्त किए गए।
जांच में सामने आया कि ड्राई डे के बावजूद बार में शराब की बिक्री की जा रही थी। पुलिस ने मामले में कांग्रेस नेता को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि ड्राई डे के दौरान शराब बिक्री किस तरह संचालित की जा रही थी और इसमें अन्य लोगों की भूमिका थी या नहीं। मामले में आगे की जांच जारी है।













