शेयर बाजार में मुनाफे का लालच पड़ा भारी, कारोबारी से 84.63 लाख रुपये की ठगी
रायपुर में शेयर बाजार और आईपीओ में निवेश के नाम पर बड़ी ठगी का मामला सामने आया है। साइबर ठगों ने एक कारोबारी को भारी मुनाफे का झांसा देकर 84 लाख 63 हजार रुपये ठग लिए। पीड़ित की शिकायत पर देवेंद्र नगर थाना पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, आरोपियों ने कारोबारी को शेयर मार्केट और आईपीओ में निवेश करने पर कम समय में अधिक लाभ मिलने का भरोसा दिलाया। इसके बाद अलग-अलग माध्यमों से निवेश के लिए रकम जमा कराई गई। शुरुआत में मुनाफे का भरोसा दिलाकर विश्वास जीतने के बाद आरोपियों ने लगातार बड़ी रकम निवेश करवाई।
जब कारोबारी ने अपनी निवेश राशि और मुनाफा निकालने का प्रयास किया, तब उसे टालमटोल किया जाने लगा। संदेह होने पर उसने मामले की शिकायत पुलिस से की। जांच में सामने आया कि उसके साथ 84.63 लाख रुपये की ठगी की गई है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। साथ ही लोगों से अपील की है कि शेयर बाजार, ट्रेडिंग और आईपीओ में निवेश के नाम पर मिलने वाले आकर्षक ऑफरों और अनजान लोगों की सलाह पर भरोसा करने से पहले पूरी जांच-पड़ताल अवश्य करें।













