
उद्योग मंत्री श्री लखनलाल देवांगन और महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने दर्री जोन को दी बड़ी सौगात, 7 सामुदायिक भवनों का लोकार्पण
कोरबा, 31 अगस्त 2026। नगर पालिक निगम कोरबा के दर्री जोन अंतर्गत सोमवार को अलग-अलग वार्डों में 7 नवनिर्मित सामुदायिक भवनों का लोकार्पण किया गया। प्रदेश के उद्योग, वाणिज्य, श्रम, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखनलाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य तथा महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रमों में सभी सामुदायिक भवनों को जनसेवा के लिए समर्पित किया गया।
इस अवसर पर निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर, वरिष्ठ पार्षद नरेंद्र देवांगन, मेयर इन काउंसिल के सदस्य, पार्षद, एल्डरमेन सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी मौजूद रहे।
इन वार्डों में बने सामुदायिक भवन
नगर निगम द्वारा दर्री जोन के विभिन्न वार्डों में कुल 90 लाख रुपये की लागत से 7 सामुदायिक भवनों का निर्माण कराया गया है।
वार्ड क्रमांक 55, सलिहाभांठा — ₹10 लाख
वार्ड क्रमांक 55, नागिनभांठा — पटेल समाज के लिए ₹10 लाख
वार्ड क्रमांक 54, जमनीपाली हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी — ₹10 लाख
वार्ड क्रमांक 54, गोपालपुर माता चौरा के पास — अहातायुक्त सामुदायिक भवन, ₹10 लाख
वार्ड क्रमांक 58, सरदार वल्लभभाई पटेल नगर — ₹15 लाख
वार्ड क्रमांक 59, दर्रीखार क्रमांक 1 — ₹25 लाख
वार्ड क्रमांक 60, प्रगतिनगर लेबर कॉलोनी — उड़िया समाज के लिए ₹10 लाख
लोकार्पण के बाद स्थानीय समाज एवं वार्डवासियों ने सामुदायिक भवनों की सौगात मिलने पर उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन और महापौर संजूदेवी राजपूत के प्रति आभार व्यक्त किया।
जनता को अधिक से अधिक सुविधाएं देना पहला लक्ष्य : लखनलाल देवांगन
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि आमजन को अधिक से अधिक सुविधाएं उपलब्ध कराना और उनकी विकास संबंधी समस्याओं का त्वरित समाधान करना उनका प्रथम लक्ष्य है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए नगर निगम क्षेत्र में लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय तथा उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव के मार्गदर्शन में पिछले ढाई वर्षों के दौरान निगम क्षेत्र में करीब 1100 करोड़ रुपये के विकास कार्य स्वीकृत हो चुके हैं। इनमें कई कार्य पूर्ण हो चुके हैं, जबकि कुछ निर्माणाधीन हैं और अन्य कार्य निविदा प्रक्रिया में हैं।
सभी 67 वार्डों में बिना भेदभाव विकास : महापौर
महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उप मुख्यमंत्री अरुण साव और उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन के मार्गदर्शन में नगर निगम के सभी 67 वार्डों में बिना किसी भेदभाव के विकास कार्य कराए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि उद्योग मंत्री द्वारा विकास कार्यों के लिए विभिन्न मदों से लगातार राशि की व्यवस्था की जा रही है। केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से आम लोगों को लाभ मिल रहा है तथा नागरिकों के जीवन स्तर में सुधार हो रहा है।
लोकार्पण कार्यक्रमों में निगम के जनप्रतिनिधियों, विभिन्न समाजों के पदाधिकारियों, स्थानीय कार्यकर्ताओं तथा बड़ी संख्या में नागरिकों की उपस्थिति रही।













