भिलाई में महिला कर्मचारी का हंगामा, मारुति शोरूम के CEO पर स्याही फेंकी और जड़ा थप्पड़
भिलाई के नेहरू नगर स्थित मारुति सुजुकी शोरूम में शनिवार को उस समय हंगामा मच गया, जब एक महिला कर्मचारी ने शोरूम के CEO पर स्याही फेंक दी। आरोप है कि महिला कर्मचारी लंबे समय से छेड़छाड़ और अश्लील मैसेज से परेशान थी।
घटना के दौरान महिला ने पुलिस के सामने ही CEO को थप्पड़ मार दिया और लात भी चलाई। मौके पर मौजूद अन्य कर्मचारियों और लोगों ने बीच-बचाव किया। बताया जा रहा है कि महिला कर्मचारी ने CEO पर मानसिक प्रताड़ना और अभद्र व्यवहार के गंभीर आरोप लगाए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से पूछताछ शुरू की। मामले को लेकर शोरूम में काफी देर तक तनाव की स्थिति बनी रही। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है और आगे की कार्रवाई की जाएगी।













