
रायपुर, 03 जुलाई 2026। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी से आज देहरादून स्थित मुख्यमंत्री आवास में छत्तीसगढ़ के मीडिया प्रतिनिधियों और जनसंपर्क विभाग के अधिकारियों ने सौजन्य भेंट की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड के विकास, सांस्कृतिक विरासत, पर्यावरण संरक्षण और सुशासन से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की।
मुख्यमंत्री श्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड सरकार “विकास भी, विरासत भी” के मूल मंत्र के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि नैनीताल, गढ़वाल और कुमाऊं क्षेत्रों के संतुलित विकास के लिए विशेष विकास प्राधिकरण बनाए गए हैं, ताकि आधुनिक विकास के साथ-साथ सांस्कृतिक और प्राकृतिक धरोहर का संरक्षण भी सुनिश्चित किया जा सके।
उन्होंने उत्तराखंड को ऋषि-मुनियों और संतों की तपोभूमि बताते हुए प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण को भविष्य की पीढ़ियों के लिए आवश्यक बताया।
मुख्यमंत्री श्री धामी ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की दूरदर्शी सोच की सराहना करते हुए कहा कि पत्रकारों के लिए इस प्रकार के अध्ययन भ्रमण दोनों राज्यों के बीच सांस्कृतिक और वैचारिक आदान-प्रदान को नई दिशा देते हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव श्री सुबोध सिंह और संयुक्त सचिव एवं आयुक्त जनसंपर्क श्री रजत बंसल को भी सफल आयोजन के लिए बधाई दी।
उन्होंने कहा कि पत्रकार कल्याण और मीडिया की स्वतंत्रता को मजबूत करने के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ की पहल अनुकरणीय है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री धामी ने अगले वर्ष हरिद्वार में आयोजित होने वाले महाकुंभ के लिए छत्तीसगढ़ सहित देशभर के मीडिया प्रतिनिधियों को स्नेहपूर्वक आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि देश के सभी राज्यों के पत्रकारों को कुंभ का प्रत्यक्ष अनुभव करने का अवसर मिलना चाहिए, ताकि वे देवभूमि की आध्यात्मिक ऊर्जा और व्यवस्थाओं को देशभर तक पहुँचा सकें।
बैठक में छत्तीसगढ़ की जनजातीय संस्कृति और उत्तराखंड की आध्यात्मिक विरासत के बीच संवाद को राष्ट्रीय एकता और अंतर्राज्यीय समन्वय की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया गया।
इस अवसर पर दुर्ग, रायपुर, कोरबा, बिलासपुर, जगदलपुर, राजनांदगांव, कोरिया और धमतरी सहित विभिन्न जिलों के मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे। उत्तराखंड के सूचना एवं जनसंपर्क निदेशक श्री बंशीधर तिवारी, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव श्री पांडे, संयुक्त संचालक श्री के.एस. चौहान तथा दोनों राज्यों के संबंधित अधिकारी भी बैठक में शामिल हुए।













