पत्नी और उसके प्रेमी की हत्या कर फरार हुआ हेडमास्टर, चार्जिंग केबल से गला घोंटने का आरोप
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में दोहरे हत्याकांड का सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक सरकारी स्कूल के हेडमास्टर पर अपनी पत्नी और उसके कथित प्रेमी की हत्या करने का आरोप लगा है। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार, हेडमास्टर को अपनी पत्नी और एक युवक के बीच संबंध होने का शक था। इसी बात को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। आरोप है कि उसने दोनों को एक साथ देखकर गुस्से में चार्जिंग केबल से गला घोंटकर उनकी हत्या कर दी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह पारिवारिक विवाद और अवैध संबंधों का संदेह माना जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी हेडमास्टर घटना के बाद से फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर पड़ताल की जा रही है।













