कुलगाम आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ के दीपक रात्रे की मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में हुए आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के बुंदेली गांव निवासी 24 वर्षीय दीपक रात्रे की मौत हो गई। दीपक ईंट-भट्ठे में मजदूरी करने के लिए करीब सात-आठ महीने पहले अपनी पत्नी के साथ जम्मू-कश्मीर गए थे। आतंकियों ने शुक्रवार शाम ईंट-भट्ठे पर हमला कर उन्हें गोली मार दी, जिसमें उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
दीपक अपने परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे। उनके परिवार में बुजुर्ग मां, दिव्यांग छोटा भाई, पत्नी और चार महीने का बेटा है। आर्थिक तंगी के कारण वह बेहतर रोज़गार की तलाश में जम्मू-कश्मीर गए थे, लेकिन आतंकी हमले ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।
घटना के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर आतंकियों की तलाश शुरू कर दी है। राज्य और केंद्र सरकार के नेताओं ने हमले की कड़ी निंदा करते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।













