सुशासन तिहार कार्यक्रम में मंच पर भिड़े भाजपा विधायक और कांग्रेस नेता, जमकर हुआ हंगामा
बिलासपुर। सुशासन तिहार कार्यक्रम के दौरान उस समय माहौल गरमा गया जब भाजपा विधायक धर्मलाल कौशिक और कांग्रेस नेता राजेंद्र शुक्ल के बीच मंच पर ही तीखी बहस हो गई। दोनों नेताओं के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोगों के बीच भी हलचल मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार्यक्रम के दौरान किसी मुद्दे को लेकर दोनों नेताओं के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते तीखी नोकझोंक में बदल गई। मंच पर मौजूद अन्य लोगों ने बीच-बचाव कर स्थिति को संभालने का प्रयास किया। विवाद के कारण कुछ समय के लिए कार्यक्रम का माहौल तनावपूर्ण हो गया।
घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में दोनों नेता एक-दूसरे पर आरोप लगाते और बहस करते दिखाई दे रहे हैं। इस घटना को लेकर राजनीतिक गलियारों में भी चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
कार्यक्रम में मौजूद लोगों का कहना है कि सार्वजनिक मंच पर नेताओं के बीच हुई इस बहस से आयोजन की गरिमा प्रभावित हुई। हालांकि बाद में स्थिति सामान्य होने पर कार्यक्रम आगे बढ़ाया गया।













