CG NEWS: श्मशान घाट में चीफ जस्टिस की तस्वीर रखकर तांत्रिक क्रिया! जमानत दिलाने के नाम पर अंधविश्वास का खेल, एक युवक हिरासत में
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के सीपत थाना क्षेत्र से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। ग्राम देवरी के मुक्तिधाम में शुक्रवार देर रात चार युवकों द्वारा कथित तौर पर तांत्रिक क्रिया किए जाने का मामला सामने आया है। मौके पर छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस रमेश कुमार सिन्हा सहित दो अन्य लोगों की तस्वीरें मिलने के बाद मामला चर्चा में आ गया है।
बताया जा रहा है कि श्मशान घाट में संदिग्ध गतिविधियां देख ग्रामीणों ने निगरानी शुरू की। देर रात ग्रामीणों का समूह मौके पर पहुंचा तो वहां मौजूद चार युवक भागने लगे। ग्रामीणों ने पीछा कर एक युवक को पकड़ लिया, जबकि तीन अन्य मौके से फरार हो गए।
मौके पर मिली पूजा और तांत्रिक सामग्री
ग्रामीणों के मुताबिक, श्मशान घाट में कुछ ऐसी सामग्री मिली, जिसे कथित तांत्रिक क्रिया से जोड़कर देखा जा रहा है। इनमें मरी हुई मछली, नींबू, नारियल, सिंदूर और अन्य सामग्री के साथ चीफ जस्टिस रमेश कुमार सिन्हा की तस्वीर तथा दो अन्य लोगों की तस्वीरें शामिल थीं।
घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में पुलिस पकड़े गए युवक से पूछताछ करती नजर आ रही है। हालांकि, वायरल वीडियो और उसमें कही गई बातों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है।
जमानत के लिए तांत्रिक क्रिया कराने का दावा
पुलिस की शुरुआती पूछताछ में पकड़े गए युवक की पहचान ऋषिकेश कुमार, निवासी राजकिशोर नगर, बिलासपुर के रूप में बताई गई है। बताया जा रहा है कि पूछताछ के दौरान युवक ने तंत्र-मंत्र करने से इनकार किया और खुद को बिल्डर बताया।
मामले की आगे की पूछताछ में कथित तौर पर यह जानकारी सामने आई कि युवक सोशल मीडिया के जरिए एक तांत्रिक के संपर्क में आया था। आरोप है कि उक्त व्यक्ति ने जेल में बंद रिश्तेदार को जमानत दिलाने के लिए श्मशान घाट में तांत्रिक क्रिया करने की बात कही थी।
बताया जा रहा है कि युवक का रिश्तेदार चाकूबाजी से जुड़े मामले में जेल में बंद था और उसके साथियों की जमानत के लिए हाईकोर्ट में याचिका दायर की गई थी। कथित तांत्रिक ने चीफ जस्टिस की तस्वीर रखकर तंत्र साधना करने से जमानत मिलने का दावा किया था। इसी दावे के आधार पर युवक और उसके साथी श्मशान घाट पहुंचे थे।
तीन युवकों की तलाश जारी
घटना के बाद पुलिस ने पकड़े गए युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। फरार तीन अन्य युवकों की तलाश की जा रही है। पुलिस पूरे मामले में यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि श्मशान घाट में वास्तव में क्या गतिविधि की जा रही थी और इसमें कौन-कौन लोग शामिल थे।
ग्रामीणों का कहना है कि देवरी के मुक्तिधाम में पहले भी कथित तांत्रिक गतिविधियों की शिकायतें सामने आती रही हैं। घटना के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी गई।
फिलहाल पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।












