विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम, विशेषज्ञों ने दिया स्वस्थ जीवन का संदेश
बिलासपुर। विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर शनिवार को जिला चिकित्सालय बिलासपुर में राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम (एनटीसीपी) के तहत जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान लोगों को तंबाकू और धूम्रपान से होने वाली गंभीर बीमारियों के प्रति जागरूक किया गया तथा तंबाकू सेवन छोड़कर स्वस्थ जीवन अपनाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने बताया कि तंबाकू का सेवन कैंसर, हृदय रोग, फेफड़ों की बीमारी और अन्य कई गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का प्रमुख कारण है। उन्होंने लोगों से तंबाकू उत्पादों से दूरी बनाने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की।
इस अवसर पर जागरूकता रैली, शपथ कार्यक्रम और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी साझा की गई। विशेषज्ञों ने कहा कि तंबाकू छोड़ने का निर्णय न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है, बल्कि परिवार और समाज को भी सकारात्मक दिशा देता है।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने लोगों से तंबाकू मुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि जागरूकता और संकल्प के माध्यम से ही तंबाकू सेवन की बढ़ती समस्या पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है।













