
बालोद में दर्दनाक सड़क हादसा: तेज रफ्तार कार ने बाइक को मारी टक्कर, दो मासूमों की मौत; पिता गंभीरबालोद। डौंडीलोहारा-राजनांदगांव मुख्य मार्ग पर रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। देवरी थाना क्षेत्र के परसुली गांव के पास तेज रफ्तार कार ने बाइक को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दो बच्चों की जान चली गई, जबकि उनके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद कार चालक और उसका साथी वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। परसुली गांव के पास हुआ हादसाजानकारी के मुताबिक, परसुली निवासी पवन सोनकर रविवार रात अपने 3 वर्षीय बेटे हिमांशु सोनकर और 12 वर्षीय भतीजे नमन कुमार सोनकर के साथ बाइक क्रमांक CG 24 S 1107 से जा रहे थे। इसी दौरान डौंडीलोहारा की ओर से देवरी की तरफ जा रही कार क्रमांक CG 08 AT 360 ने कथित तौर पर रॉन्ग साइड में जाकर बाइक को सामने से टक्कर मार दी।टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार तीनों लोग सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल में दो बच्चों की मौतहादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर डायल-112 और एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को देवरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें राजनांदगांव रेफर किया गया।राजनांदगांव में उपचार के दौरान 3 वर्षीय हिमांशु सोनकर और 12 वर्षीय नमन कुमार सोनकर ने दम तोड़ दिया। वहीं पवन सोनकर का गंभीर हालत में इलाज जारी है। कार छोड़कर फरार हुए चालक और साथीहादसे के बाद कार चालक और उसके साथ मौजूद व्यक्ति वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गए। देवरी पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में ले लिया है। पुलिस वाहन के नंबर के आधार पर चालक और उसके साथी की तलाश कर रही है।पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक जानकारी में तेज रफ्तार और कार के रॉन्ग साइड में आने की बात सामने आई है। मामले में पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है। गांव में पसरा मातमदो मासूम बच्चों की मौत की खबर मिलते ही परसुली गांव में शोक की लहर दौड़ गई। एक ही परिवार से जुड़े दो बच्चों की सड़क हादसे में मौत से परिजन सदमे में हैं। पुलिस फरार कार चालक की तलाश के साथ दुर्घटना की पूरी परिस्थितियों की जांच में जुटी है।












