भाजपा नेता से विवाद के बाद दुर्ग जनपद CEO निलंबित, मुख्यमंत्री के निर्देश पर हुई कार्रवाई
दुर्ग। दुर्ग जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) रूपेश कुमार पाण्डेय को निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई भाजपा नेता के साथ हुए विवाद और जनसमस्या निवारण शिविर के दौरान आम लोगों के प्रति कथित अभद्र व्यवहार के आरोपों के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर की गई।
जानकारी के अनुसार, सुशासन तिहार के तहत आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में रूपेश पाण्डेय का एक भाजपा नेता से विवाद हुआ था। मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन ने इसकी जांच कराई। जांच में प्रथम दृष्टया कर्तव्य निर्वहन में लापरवाही और अशिष्ट व्यवहार के आरोप सही पाए गए।
दुर्ग संभागायुक्त ने जारी आदेश में कहा कि अधिकारी का आचरण छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियमों के विपरीत पाया गया। पहले उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था, लेकिन उनका जवाब संतोषजनक नहीं होने पर निलंबन की कार्रवाई की गई।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने स्पष्ट किया है कि जनता के साथ दुर्व्यवहार और कर्तव्यों में लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निलंबन अवधि के दौरान संबंधित अधिकारी को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा।













